सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में संचालित एकलव्य आवासीय स्कूल के करीब 200 बच्चे मंगलवार 6 बजे सुबह जनपद पंचायत प्रतापपुर परिसर में धरने पर बैठ गए। छात्रों ने प्राचार्य और वार्डन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्हें हटाने की मांग की और कलेक्टर के आने पर ही धरना समाप्त करने की जिद पर अड़े रहे।

बच्चों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चर्चा करने बीईओ मुन्नू सिंह धुर्वे पहुंचे, तो छात्रों ने कह दिया कि कलेक्टर के आने पर ही वे धरना खत्म करेंगे। जिस पर कलेक्टर रोहित व्यास ने फोन पर छात्रों से बात की, तब बच्चों ने 11 बजे धरना समाप्त किया।
एसडीएम ने कराई कलेक्टर से बात
कलेक्टर रोहित व्यास को बच्चों ने बताया कि प्राचार्य और वार्डन बेवजह प्रताड़ित करते हैं। कलेक्टर ने एसडीएम दीपिका नेताम को मामले की जांच करने का आदेश दिया और बच्चों को समझाइश देकर धरना समाप्त करने को कहा। कलेक्टर के आश्वासन के बाद बच्चे हॉस्टल लौट गए।
एसडीएम ने दर्ज किया बच्चों का बयान
एसडीएम दीपिका नेताम ने एकलव्य आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में पहुंचकर बच्चों का बयान दर्ज किया। यहां कक्षा 8वीं से 10वीं तक के बच्चे आवासीय स्कूल में पढ़ते हैं। बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल अलग-अलग बना हुआ है। यहां के प्रिंसिपल भूपेश तिवारी और वार्डन फिलोमन कुजुर ने कुछ बच्चों को आपत्तिजनक हरकत के लिए फटकार लगाई थी, जिसके बाद बच्चों ने धरना दे दिया।
शुरुआती जांच में कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। इस दौरान तहसीलदार पुष्पराज पात्रे और प्रतापपुर थाना प्रभारी किशोर केरकेट्टा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
Author: Shambhoo Dwip
जोहार शंभू द्वीप न्यूज़ चैनल में आपका स्वागत है गोंडवाना की धरती पर आपकी आवाज .... जिस धरती पर जिसकी पहचान हो ,जिस धरती पर उसका नाम हो, आज वही मूल मालिक अपनी पहचान के लिए दर-दर भटक रहा है, बाहर के लोगों का उनकी संस्कृति पर हमला, इसलिए शंभू द्वीप न्यूज़ चैनल गोंडवाना की धरती पर आपका आवाज... हमें सपोर्ट करें










