रायपुर, छत्तीसगढ़ – स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, माना रायपुर पर आज एक विशेष मुलाकात में अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर संक्षिप्त चर्चा की।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि देशभर में अनुसूचित जनजाति वर्ग के शासकीय सेवकों एवं आमजन से संबंधित समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं, जिनमें सेवा शर्तों की उपेक्षा, पदोन्नति में आरक्षण का उल्लंघन, शैक्षणिक संस्थानों में आदिवासी छात्रों के साथ हो रहे भेदभाव, आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार की बदहाली जैसे विषय शामिल हैं।
इस संदर्भ में संघ ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से आग्रह किया कि इन मुद्दों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल महामहिम राष्ट्रपति महोदया से भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपे, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर समाधान की दिशा में प्रभावी पहल हो सके। केंद्रीय मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई और आश्वस्त किया कि आदिवासी समाज के हित में वे हर संभव सहयोग देने को तत्पर हैं।
इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष आर. एन. ध्रुव, सचिव एस. पी. ध्रुव, डूमन लाल ध्रुव, डीडी मांझी और हुलार सिंह कोर्राम उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल की इस पहल को संगठनात्मक दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में जनजातीय वर्ग की आवाज़ को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
संघ के पदाधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे आने वाले समय में अन्य राज्यों के समान संगठनों से समन्वय बनाकर एक साझा राष्ट्रीय रणनीति तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।
Author: Shambhoo Dwip
जोहार शंभू द्वीप न्यूज़ चैनल में आपका स्वागत है गोंडवाना की धरती पर आपकी आवाज .... जिस धरती पर जिसकी पहचान हो ,जिस धरती पर उसका नाम हो, आज वही मूल मालिक अपनी पहचान के लिए दर-दर भटक रहा है, बाहर के लोगों का उनकी संस्कृति पर हमला, इसलिए शंभू द्वीप न्यूज़ चैनल गोंडवाना की धरती पर आपका आवाज... हमें सपोर्ट करें










